तेंदूपत्ता से लदे ट्रक में लगी आग:ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, धुआं उठने के बाद लपटों से घिर गया




सिंगरौली जिले के माड़ा वन परिक्षेत्र के छतौली गांव में शनिवार शाम तेंदूपत्ता से लदे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तेंदूपत्ता सहित पूरा वाहन जलकर राख हो गया। यह घटना माड़ा थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक छतौली गांव से तेंदूपत्ता लोड कर रवाना हुआ था। रास्ते में अचानक ट्रक से धुआं उठने लगा और फिर आग की तेज लपटें निकलने लगीं। आग को बढ़ता देख चालक ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना वन विभाग, पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन दमकल वाहन काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। इस आगजनी में तेंदूपत्ता और ट्रक सहित लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि छतौली गांव में तेंदूपत्ता लदे ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *