फिरोजाबाद के युवक की गंगा में डूबकर मौत:दोस्तों के साथ गंगा नहाने आया था, दोस्त से कहा था- बस दो मिनट में आता हूं




फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान फिरोजाबाद निवासी एक युवक की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से उसे गंगा से बाहर निकाला गया और लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान फिरोजाबाद जनपद के थाना अराव क्षेत्र स्थित नगला हरी गांव निवासी नितिन (21) के रूप में हुई है। नितिन सोमवार को अपने नौ दोस्तों के साथ ट्रेन से फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। जब दोस्तों की नजर नितिन पर पड़ी तो वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नितिन को गंगा से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नितिन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता ओमकार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया गया है कि नितिन ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
नितिन के दोस्त सनी ने घटना के बारे में बताया कि वे सभी ट्रेन से गंगा स्नान के लिए आए थे। काफी देर तक स्नान करने के बाद उन्हें भूख लगने लगी। दो दोस्त नाश्ता लेने चले गए, जबकि बाकी सभी गंगा से बाहर आ गए। सनी के अनुसार, नितिन ने कहा कि वह “अभी 2 मिनट में आता हूं” और फिर वह थोड़ा दूर चला गया। कुछ देर बाद जब लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनी तो वे मौके पर पहुंचे और देखा कि नितिन डूब रहा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *