एक ही परिवार के 2 पक्षों में मारपीट:पानी को लेकर कुल्हाड़ी-रॉड से हमला, महिलाओं ने एक-दूसरे को लाठी से पीटा; 9 घायल




छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद भी चल रहा है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे। इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच खूनी झड़प हो चुकी है। उस दौरान भी टंगिया से हमला किया गया था, जिसके बाद पुलिस चौकी में समझौता कराया गया था। हालांकि इस बार पानी को लेकर हुआ विवाद पुरानी रंजिश को फिर से भड़का गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा का है। पहले देखिए ये तस्वीरें… पानी भरने पंचायत पहुंचा था परिवार जानकारी के मुताबिक गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली बंद थी। बिजली नहीं होने के कारण पानी की समस्या भी बढ़ गई थी। इसी बीच पानी भरने और टंकी की चाबी को लेकर पंचायत में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने पानी की टंकी की चाबी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। जानिए किसने क्या कहा ? पहले पक्ष की ओर से मोनू यादव ने बताया कि उसका चाचा भैंस चराने खेत गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। मोनू का आरोप है कि सियाराम, रितेश, नकूल और सहदेव ने मिलकर टंगिया और डंडों से हमला किया। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके ऊपर भी हमला कर दिया गया। इस हमले में उसके हाथ और कंधे में गंभीर चोट आई है। उसने बताया कि उनके पक्ष के 5 लोग घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से सियाराम की बेटी ने आरोप लगाया कि बिरबल, भगवती, हरखंड, शिवप्रसाद और चेतन उनके घर में घुसकर मारपीट करते हैं। उसने बताया कि गांव में पानी की समस्या के कारण वे पंचायत से चाबी लेकर पानी भरने पहुंचे थे, लेकिन वहां ताला लगा दिया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर हमला कर दिया गया। उसने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। परिवार के लोग खेत और खार में थे, वहां जाकर भी हमला किया गया। देर रात अस्पताल पहुंची पुलिस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। देर रात पुलिस घायलों का बयान लेने दुर्ग जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *