![]()
नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में एक दुखद हादसा सामने आया है। यहां एक तलाई (तालाब) में डूबने से 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक बालक कुछ दिन पहले ही अपनी मौसी के घर आया हुआ था। मृतक बालक की पहचान कुंदन (8 वर्ष), पिता शिवलाल भील, निवासी ढोलपुरा के रूप में हुई है। कुंदन लगभग 8 दिन पहले अपने गांव ढोलपुरा से रूपपुरा अपनी मौसी के घर रहने आया था। कल दोपहर वह गांव में बनी तलाई पर नहाने गया था। जब काफी देर तक कुंदन घर नहीं लौटा और आसपास नहीं दिखा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाई के पास पहुंचने पर आशंका के आधार पर पानी में ढूंढा गया, जहां कुंदन अचेत अवस्था में पानी में डूबा हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला और जावद शासकीय चिकित्सालय ले गए। चिकित्सालय में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। रविवार सुबह नीमच जिला चिकित्सालय में मृतक बालक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता चल सके। मासूम की मौत के बाद से ढोलपुरा और रूपपुरा दोनों गांवों में शोक का माहौल है।
Source link
रूपपुरा में 8 वर्षीय बालक की तलाई में डूबने से:ढोलपुरा से मौसी के घर आया था, नहाते समय पैर फिसलने से हादसा















Leave a Reply