अनियंत्रित कार पोखरे के पास पलटी, दो की मौत:सिद्धार्थनगर में नियंत्रण खोने से हुआ हादसा, कई बार पलटकर गड्ढे में गिरी




सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना परसा पडरिया गांव के समीप सड़क किनारे स्थित पोखरे के पास सुबह करीब 7:00 बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी लोग निजी कार से इटवा क्षेत्र से अपने गांव लौट रहे थे। रविवार सुबह पडरिया गांव के पास पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार सड़क किनारे कई बार पलटी और पोखरे के समीप जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दुर्घटना में निसार अहमद (38 वर्ष) पुत्र नजीर अहमद और नौशाद अहमद (19 वर्ष) पुत्र निजाम अहमद, दोनों निवासी ग्राम धनधरी कला, पोस्ट मोहन कोला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रियाज अहमद (27 वर्ष) पुत्र नजीर अहमद और असद अहमद (13 वर्ष) पुत्र निसार अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना पर शोहरतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में मृत दोनों लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *