शौच कर रहे युवक को खींच ले गया मगरमच्छ:चंबल नदी में 14 घंटे बाद मिला शव; दोस्तों के साथ गया था बकरी चराने




चंबल नदी के किनारे एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सराय छोला थाना क्षेत्र के रिठौरा गांव के पास शनिवार शाम शौच के लिए नदी किनारे गए एक 19 वर्षीय युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया। घटना के बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 14 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, रिठौरा गांव का रहने वाला 19 वर्षीय अनिल गुर्जर शनिवार शाम करीब 4 बजे अपने दो अन्य दोस्तों के साथ चंबल नदी के बीहड़ में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान अनिल को शौच लगी और वह नदी के किनारे चला गया। पानी के पास बैठते ही अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर झपट्टा मारा और उसे खींचकर नदी के गहरे पानी में ले गया। मौके पर मिली लाठी, घबराए दोस्तों ने दी सूचना
जब कुछ देर तक अनिल वापस नहीं लौटा, तो उसके दोस्त उसे ढूंढने नदी किनारे पहुंचे। वहां उन्हें केवल अनिल की लाठी पड़ी मिली। दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत दौड़कर गांव वालों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर सराय छोला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। अंधेरे के कारण रुका रेस्क्यू, सुबह मिला शव
युवक की तलाश के लिए पुलिस ने एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने शनिवार शाम को ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था, लेकिन रात का अंधेरा घिरने के कारण अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह टीम ने फिर से युवक की तलाश शुरू की और घटना के करीब 14 घंटे बाद अनिल का शव चंबल नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सराय छोला थाना प्रभारी एसआई के.के. सिंह ने बताया कि मृतक अपने दोस्तों के साथ बकरियां चराने गया था। नदी किनारे शौच करते समय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *