सिद्धार्थनगर में 172.95 लाख की पेयजल योजना का लोकार्पण:सांसद जगदंबिका पाल ने बिनैका में किया जलार्पण




सिद्धार्थनगर के बिनैका ग्राम पंचायत में केंद्र सरकार की ‘जल जीवन मिशन’ योजना के तहत 172.95 लाख रुपये की पेयजल योजना का लोकार्पण किया गया। रविवार को आयोजित समारोह में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर योजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘जल जीवन मिशन’ देश के गांवों तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गंभीर समस्या थी, लेकिन अब हर घर नल से जल पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है। सांसद ने जोर दिया कि स्वच्छ पेयजल से ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार होगा और जलजनित बीमारियों में कमी आएगी। सांसद पाल ने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में शहरों जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से पेयजल योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने योजना के निर्माण में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा होने को प्रशंसनीय बताया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, निवर्तमान जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी, जिला महामंत्री फतेह बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, अधिशासी अभियंता संजय जायसवाल, डीपीएमयू के जिला समन्वयक राजेश मिश्रा और टीपीआई के डीपीएम अभिषेक यादव सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस दौरान ‘जल जीवन मिशन’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंप संचालकों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस परियोजना का निर्माण उप्र जल निगम (ग्रामीण) के खंड कार्यालय सिद्धार्थनगर के अंतर्गत कार्यदायी संस्था मेसर्स मेघा इंजीनियरिंग द्वारा किया गया है। यह योजना वर्ष 2021-22 में स्वीकृत हुई थी, जिसकी कुल लागत 172.95 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। इस योजना से राजस्व ग्राम बिनैका की लगभग 2958 की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
योजना के तहत गांव में 200 किलोलीटर क्षमता एवं 12 मीटर ऊंचाई की शिरोपरि पानी की टंकी बनाई गई है। इसके अलावा 700 एलपीएम क्षमता का नलकूप तथा 15 हॉर्स पावर का मोटर पंप स्थापित किया गया है। योजना के संचालन के लिए पंप हाउस का भी निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 25 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल और 20 केवीए का डीजी सेट भी लगाया गया है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी पेयजल व्यवस्था प्रभावित न हो। गांव में करीब 6.586 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर 583 घरों को नल कनेक्शन प्रदान किया गया है। अधिकारियों के अनुसार योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी आगामी 10 वर्षों तक संबंधित फर्म के पास रहेगी। इससे योजना के सुचारु संचालन और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। योजना शुरू होने के बाद अब ग्रामीणों को घर-घर स्वच्छ पेयजल मिलने लगा है, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और महिलाओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *