भदोही में हीट वेव का अलर्ट:जिलाधिकारी ने आमजन, पशुपालकों के लिए एडवाइजरी जारी की




भदोही के जिला मजिस्ट्रेट/जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शैलेष कुमार ने जनपद में भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। उत्तर प्रदेश शासन की चेतावनी के अनुसार, आगामी 24 घंटों में भदोही सहित बांदा, चंदौली, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज और वाराणसी जनपदों में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की संभावना है। यह चेतावनी 24 मई दोपहर 2 बजे से 25 मई दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आमजन से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें। घरों को ठंडा रखने तथा धूप में कार्य करने वालों को अतिरिक्त पानी एवं विश्राम देने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है। पशुपालकों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मवेशियों को छायादार स्थान पर रखने, स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराने तथा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच उनसे कार्य न लेने की सलाह दी गई है। शेड में पंखे, वाटर स्प्रे एवं फॉगर्स का प्रयोग करने तथा समय-समय पर पानी का छिड़काव करने को कहा गया है। पशुओं को खनिज मिश्रण, नमक एवं प्रोटीन युक्त पूरक आहार देने की भी सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों को चेताया है कि बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ें। नंगे पैर बाहर न निकलें तथा सूखे पत्तों को जलाने से बचें। चक्कर आने अथवा अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन सहायता हेतु जिला प्रशासन द्वारा टोल फ्री नंबर 1077 जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सतर्कता एवं सावधानी ही हीट वेव से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *