CPR देने पर भी नहीं बची कोबरा सांप की जान:सर्पमित्र का प्रयास विफल; बड़वानी में भीषण गर्मी से तोड़ा दम




बड़वानी में भीषण गर्मी का प्रकोप अब वन्य जीवों पर भी भारी पड़ रहा है। रविवार दोपहर ग्राम दवाना में तेज गर्मी और पानी की कमी से एक कोबरा सांप की मौत हो गई। गांव में सड़क किनारे मूर्छित अवस्था में सांप दिखने पर ग्रामीणों ने तलवाड़ा डेब के सर्पमित्र निलेश उपाध्याय को बुलाया। निलेश जब मौके पर पहुंचे तो सांप की हालत गंभीर थी। गर्मी से कमजोर हो चुके सांप को बचाने के लिए उन्होंने सीपीआर (CPR) दिया और पानी पिलाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तेज गर्मी में शरीर का तापमान संतुलित न रख पाने के कारण सांप ने दम तोड़ दिया। हीटवेव से खतरा सर्पमित्र निलेश उपाध्याय ने बताया कि सांप जैसे सरीसृप ठंडे खून वाले जीव होते हैं, जो बाहरी तापमान पर निर्भर रहते हैं। हीटवेव और पानी के स्रोत सूखने से उनके लिए खतरा बढ़ गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में घरों के आसपास, खेतों और जंगल किनारे मिट्टी के बर्तनों में पानी भरकर रखें। कोई घायल या बीमार वन्य जीव दिखे तो तुरंत वन विभाग या सर्पमित्र को सूचना दें। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ता तापमान अब इंसानों के साथ बेजुबान जीवों के लिए भी खतरे की घंटी है। प्रकृति और जीव-जंतुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहना जरूरी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *