जनगणना ड्यूटी पर शिक्षक से बदसलूकी, धक्का-मुक्की:शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी




गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम जाटादेवरी में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक मिथलेश कुमार चौधरी ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मिथलेश कुमार चौधरी पूर्व माध्यमिक शाला जटादेवरी में उच्च वर्ग शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, शिक्षक मिथलेश कुमार चौधरी की ड्यूटी वर्ष 2026-27 की जनगणना के लिए प्रगणक के तौर पर ग्राम बासिंगपाट में लगी है। यह घटना 9 मई 2026 को हुई, जब वे उप सरपंच जोध सिंह के घर पर जनगणना का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान रूपेश कुमार काशीपुरी और सुदर्शन काशीपुरी वहां पहुंचे। उन्होंने शिक्षक पर जनगणना सही ढंग से न करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने शिक्षक को अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। सुदर्शन काशीपुरी ने शिक्षक के साथ धक्का-मुक्की की, जबकि रूपेश मारपीट पर उतारू हो गया। इस घटना से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। घटनास्थल पर मौजूद जोध सिंह नागेश, गीता बाई, शिवशंकर काशीपुरी और समारू उंराव ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। शिक्षक ने अपनी शिकायत में बताया है कि घटना से एक दिन पहले भी वे आरोपियों के घर जनगणना करने गए थे। उनका आरोप है कि दूसरे दिन सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें निशाना बनाया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और अभद्रता करने के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *