संदिग्ध हालत में महिला की मौत:मैनपुरी में पेड़ पर लटका मिला शव, 6 महीने पहले हुई थी शादी; परिजन बोले- दहेज के लिए परेशान करते थे




मैनपुरी के बिछवा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज मांगने और लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय वंदना के रूप में हुई है, जो बलारपुर गांव की निवासी थी। उसके भाई प्रशांत कुमार ने पुलिस को बताया कि वंदना की शादी 19 नवंबर 2024 को भोगांव थाना क्षेत्र के बरहट निवासी कुलदीप के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा था। परिजनों के मुताबिक, मांग पूरी न होने पर वंदना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। करीब दो महीने पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी। आरोप है कि पति कुलदीप फोन पर लगातार दहेज की मांग करता था और ताने देता था। इसी तनाव से परेशान होकर वंदना ने गांव के बाहर एक पेड़ पर दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बिछवा थाना अध्यक्ष आशीष दुबे और क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि महिला का शव पेड़ पर लटका मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतका के परिजन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *