नईगढ़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक:बकरीद पर भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील




मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना परिसर में रविवार शाम शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हुई इस बैठक में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। यह बैठक कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र जैन के निर्देश पर थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी भास्कर गौतम, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, पार्षद रतनलाल मिश्र, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोतीलाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। मिल-जुलकर त्योहार मनाना हमारी परंपरा थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने कहा कि त्योहार अमन, शांति और आपसी सद्भाव के प्रतीक होते हैं। उन्होंने जोर दिया कि इन्हें मिल-जुलकर मनाना हमारी सांस्कृतिक परंपरा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन लोगों की सुरक्षा और सहयोग के लिए पूरी सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ तत्पर है। वरिष्ठ नागरिक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि पर्व समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने ऐसे अवसरों पर सभी को संयम और समझदारी का परिचय देने की बात कही और लोगों से किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना देने की अपील की। समाजसेवी भास्कर गौतम ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और गंगा-जमुनी तहजीब को उसकी असली पहचान बताया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के माध्यम से समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश जाना चाहिए। पूर्व मंडल अध्यक्ष मोतीलाल तिवारी ने बकरीद को त्याग, समर्पण और भाईचारे का पर्व बताते हुए इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी बताया। बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से नईगढ़ी क्षेत्र की सामाजिक समरसता बनाए रखने और त्योहार को मिल-जुलकर मनाने का आग्रह किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *