संभल में बीडीसी प्रत्याशी की मौत:जनगणना कार्य में सहयोग के दौरान हुआ सीने में तेज दर्द, डॉक्टर बोले- हार्टअटैक आया




संभल जिले में बीडीसी पद के एक प्रत्याशी का भीषण गर्मी के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुन्नौर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना गुन्नौर क्षेत्र के बहलोलपुर गांव की है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जोधराज पुत्र सोरन सिंह के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि शनिवार को जोधराज गांव में जनगणना के कार्य में सहयोग कर रहे थे। देर शाम करीब 6 बजे उन्हें सीने में दर्द महसूस हुआ। दर्द उठने के बाद उन्होंने दवाई ली और आराम करने लगे, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद, रविवार सुबह परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले गए। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीडीसी प्रत्याशी की मौत की खबर से परिजनों में गहरा दुख छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। अस्पताल में कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद परिजन शव को घर ले आए। रविवार शाम करीब 5 बजे थाना बबराला क्षेत्र के राजघाट गंगा पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं, जिनमें से बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। सीएचसी गुन्नौर के फार्मासिस्ट दीपक यादव ने बताया कि ग्रामीण को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, क्योंकि परिजनों के अनुसार गर्मी के कारण उनका रक्तचाप बढ़ गया था। फार्मासिस्ट ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम होने पर मौत का सही कारण स्पष्ट हो जाता, लेकिन परिवार के सदस्यों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *