ट्रक ड्राइवरों से लूट…कैंटीन कर्मचारी से रंगदारी मांगने वाले गिरफ्तार:6 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा, कार और बाइक समेत लूट का सामान बरामद




रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में स्टील कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट, कैंटीन में तोड़फोड़ और ट्रक ड्राइवरों से लूटपाट करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया डीजल, नगदी और घटना में इस्तेमाल कार और पल्सर बाइक जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम लकी उर्फ जयमोहन शर्मा, दिना उर्फ दिनेश माधवनी, विशाल छबलानी, नोहर सिंह रजक उर्फ बूट्टी, दीपक साहू और मोहित उर्फ मोंटी मेहानी बताए गए हैं। जानिए पूरा मामला तिल्दा नेवरा पुलिस के मुताबिक, 22 मई 2026 को काले रंग की कार और मोटरसाइकिल में सवार 6 आरोपी संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड, सरोरा कंपनी परिसर में जबरन घुस गए। आरोपियों ने लेबर कॉलोनी और कैंटीन कर्मचारियों के साथ रॉड से मारपीट की और कैंटीन काउंटर में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने खुद की पहचान बताते हुए कैंटीन संचालन के एवज में हर महीने अवैध रकम और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। विरोध करने पर कर्मचारियों को पीटा गया। ट्रक ड्राइवरों से की मारपीट और लूटपाट इसी रात आरोपियों ने ग्राम सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास दो ट्रकों को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने ट्रक ड्राइवरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए और 30 लीटर डीजल और ड्राइवर के पास रखे 25,500 रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी रायपुर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्की शर्मा समेत 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों से ये सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर डीजल, 12 हजार रुपए नकद, करीब 6 लाख रुपए कीमत की कार और 1 लाख रुपए कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है। लूट और रंगदारी मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की गई। लूट-रंगदारी के आरोप में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामलें में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *