![]()
मथुरा साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक महिंद्रा थार गाड़ी, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साइबर क्राइम पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यमुना एक्सप्रेसवे के वृंदावन कट अंडरपास से मांट की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर दबिश दी। पुलिया संख्या 106.730 किलोमीटर के पास से इन छह आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फरह निवासी प्रशांत, आगरा के अछनेरा निवासी बलराम, फरह के पिलुआ सादिकपुर निवासी लक्ष्मण, खेड़िया निवासी कृष्णकांत उर्फ श्रीकृष्ण, हाथरस निवासी (वर्तमान में गोपाल नगर टाउनशिप) पुष्पेंद्र उर्फ पियूष और बालाजीपुरम निवासी अरुण सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से यूपी 85 डीबी 6596 नंबर की ब्लैक कलर महिंद्रा थार, दो बैंक पासबुक, दो एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक रफत मजीद ने बताया कि आरोपी सीधे-साधे लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन ट्रेडिंग, टास्क और अन्य माध्यमों से लोगों से पैसे मंगवाकर साइबर ठगी करने में किया जाता था। 20 राज्यों में शिकायत जांच में सामने आया है कि आरोपियों की ओर से इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर अपराधों की शिकायतें दर्ज हैं। उन्होंने एक मामले का जिक्र करते हुए बताया कि कैनरा बैंक की औरंगाबाद शाखा के एक खाते में 2.09 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। यह रकम पश्चिम बंगाल के बारानगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर ठगे गए 42 लाख रुपये में से भेजी गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 14/2026 में धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस तथा 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
साइबर ठगी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार:20 राज्यों में शिकायत, मथुरा में थार गाड़ी समेत बैंक दस्तावेज और मोबाइल बरामद















Leave a Reply