5 कांग्रेस पार्षदों ने नपाध्यक्ष से समर्थन वापस लिया:PCC चीफ को पत्र लिखा, नपाध्यक्ष पर BJP से मिलकर काम करने के भी आरोप लगाए




बुरहानपुर के नेपानगर में कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी सामने आई है। पार्टी के पांच पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटील से अपना समर्थन वापस ले लिया है। उन्होंने इस संबंध में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को एक पत्र भी भेजा है। पत्र भेजने वाले पार्षदों में योगिता राजू पाटील, सपना कैलाश पटेल, वर्षा शांताराम ठाकरे, अनीषा राजेश पटेल और रूपाली जितेंद्र सावकारे शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि नपाध्यक्ष भारती पाटील पार्टी की विचारधारा के खिलाफ जाकर भाजपा समर्थित पार्षदों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। पार्षदों का कहना है कि विकास कार्यों में पक्षपात हो रहा है, जिससे पार्टी की छवि खराब हो रही है।
दो महीने से हो रही है खींचतान
नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों के बीच पिछले दो माह से खींचतान जारी है। इससे पहले, चार महिला पार्षदों ने अपने वार्डों में विकास कार्य न होने के विरोध में 10 दिन तक धरना दिया था। इस घटना के बाद, पिछली पीआईसी (प्रेसिडेंट इन कौंसिल) को भंग कर एक नई पीआईसी का गठन किया गया था। 22 मई को हुई एक बैठक में नपाध्यक्ष ने 19 ऐसे प्रस्ताव पारित करा लिए, जिन्हें 23 अप्रैल को हटाए गए पीआईसी सदस्यों ने पहले ही अस्वीकार कर दिया था। इस मामले पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैस ने कहा कि यह एक व्यक्तिगत मामला है और उन्हें अभी तक कोई पत्र नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में निर्णय प्रदेश स्तर से लिया जाएगा। ग्रामीण कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जगमीतसिंह जॉली शहर से बाहर हैं। वहीं, नपाध्यक्ष भारती पाटील ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *