![]()
भिंड जिले के उमरी कस्बे में रविवार शाम महावीर स्वामी तीर्थ स्थल के शिलान्यास महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। जैन समाज के विख्यात संत पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में 25 पिच्छीधारी जैन मुनियों ने हिस्सा लिया। धार्मिक आयोजन में ग्वालियर-चंबल संभाग सहित उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। करीब पांच हजार से अधिक लोगों ने दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। रविवार शाम आयोजित इस महोत्सव के दौरान नवनिर्मित होने वाले श्री दिगम्बर जैन तीर्थंकर महावीर स्वामी बिहार स्थली का विधि-विधान से शिलान्यास किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा उमरी कस्बा भक्ति और आस्था के रंग में रंगा दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने जयकारों और पुष्पवर्षा के साथ संतों का स्वागत किया। कस्बे के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां समाजजनों एवं क्षेत्रवासियों ने मुनिसंघ का अभिनंदन किया। आयोजकों के अनुसार निर्माणाधीन तीर्थस्थल पर भगवान महावीर स्वामी की 31 फीट ऊंची खड़गासन प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा 24-24 फीट की दो अन्य विशाल प्रतिमाएं भी विराजमान होंगी। तीर्थ क्षेत्र को भविष्य में बड़े धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। संघ के साथ विहार करते हुए भिंड की ओर रवाना
कार्यक्रम में भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पिंकी भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान रविसेन जैन, डॉ. राधेश्याम, संदीप मिश्रा, अशोक जैन, प्रमोद जैन, विनोद जैन, यश जैन और राहुल जैन सहित समाज के अनेक लोगों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य मंदिर का शिलान्यास ऊषा-महेन्द्र जैन परिवार गुड़गांव द्वारा किया गया, जबकि मुख्य वेदी का शिलान्यास कल्याणचंद्र-गणेशीलाल एवं भैयालाल जैन परिवार उमरी ने संपन्न कराया। दूसरी एवं तीसरी वेदी का शिलान्यास क्रमशः गैंदालाल-वीरसेन जैन परिवार तथा अशोक-विमल जैन परिवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के बाद पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज अपने संघ के साथ विहार करते हुए भिंड की ओर रवाना हुए। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह उनका स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान उमरी कस्बा आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक उत्साह से सराबोर नजर आया।
पूर्व विधायक के पैरों में पड़े छाले
धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात जब पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज अपने मुनिसंघ के साथ विहार करते हुए भिंड की ओर रवाना हुए, तब पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह अपने साथियों के साथ बराकला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने जैन मुनियों की अगवानी कर उनका स्वागत किया और उनके साथ पैदल विहार करते हुए मानपुरा गांव तक पहुंचे। मानपुरा स्थित अपने फार्म हाउस पर पूर्व विधायक ने जैन संतों के विश्राम एवं ठहराव की व्यवस्था कराई। करीब पांच से सात किलोमीटर तक तपती गर्म सड़क पर संतों के साथ पैदल चलने के दौरान उनके पैरों में छाले पड़ गए। इसके बावजूद उन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संतों की सेवा की। पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि यह उनके जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण है कि विश्व विख्यात पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उन्हें जैन संतों की सेवा और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला है तथा जैन समाज और उनके परिवार के बीच आत्मीय संबंध लंबे समय से बने हुए हैं।
Source link
उमरी में महावीर स्वामी तीर्थ स्थल का शिलान्यास महोत्सव:25 जैन मुनियों की मौजूदगी में रखी आधारशिला, 31 फीट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित














Leave a Reply