![]()
देवरिया के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर भवानी छापर से प्रतापपुर जाने वाली टू-लेन सड़क के वन चौराहा पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। घटना श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के परसौनी रघुनाथ गांव निवासी 42 वर्षीय जयप्रकाश यादव पुत्र शंभू यादव की मौत से जुड़ी है। बताया गया कि जयप्रकाश का जला हुआ शव लक्ष्मण चक टोला भटवलिया के चौरा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर श्रीरामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह प्रदर्शन रविवार शाम करीब आठ बजे शुरू हुआ और रात दस बजे तक चलता रहा। चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीरामपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खामपार और बनकटा थाना की पुलिस भी अतिरिक्त बल के साथ बुलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमान श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों तथा ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर सड़क से जाम हटाया। प्रदर्शन में मृतक की पत्नी मिंटू देवी, बेटी पलक कुमारी, बेटे अंकुश, पिता शंभू यादव और माता जलेबिया देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। मौके पर सपा नेता वीरेंद्र कुशवाहा, सत्यदेव यादव, विकास पासवान, रामबली यादव और रिंकू चौरसिया समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
Source link
संदिग्ध हालत में व्यक्ति की मौत पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:देवरिया में शव रखकर दो घंटे तक सड़क जाम किया, आश्वासन के बाद माने














Leave a Reply