तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर:सिवनी में तीन घायल, एक जबलपुर रेफर




सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनोरी गांव के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर में कल्टीवेटर लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीनों व्यक्ति किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए गाड़ादूर गांव जा रहे थे। बिनोरी गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्काल डायल एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। कुछ स्थानीय लोगों ने घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। एम्बुलेंस के माध्यम से तीनों घायलों को इलाज के लिए घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, एक युवक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। वहीं, अन्य दो घायलों का उपचार घंसौर अस्पताल में जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद घंसौर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। घायलों में रतन लाल विश्वकर्मा (32), हेमेंद्र विश्वकर्मा (6) और विपत लाल विश्वकर्मा (26) शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *