सोन नदी में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई:चितरंगी पुलिस ने चार रेत लोड ट्रैक्टर जब्त किए; वन्यजीवों को खतरा




सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार देर रात सोन नदी से रेत से भरे चार ट्रैक्टर जब्त किए गए। यह कार्रवाई ग्राम गांगी क्षेत्र में हुई, जहां अवैध खनन से घड़ियाल, मगरमच्छ और अंतरराष्ट्रीय प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंच रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग रात के अंधेरे में सोन नदी के घाटों से अवैध रूप से रेत निकालकर उसका परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने नदी क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी देखकर आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने मौके से चार बिना नंबर के स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त कर लिए। पुलिस ने बताया कि इस समय मगरमच्छ और घड़ियाल का प्रजनन काल चल रहा है। वहीं, बांग्लादेश से आने वाला इंडियन स्किमर पक्षी भी अप्रैल से जून तक सोन नदी के रेतीले तटों पर अंडे देता है। अवैध खनन से इन वन्यजीवों और पक्षियों की प्रजनन प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि सोन नदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई होगी और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। खान एवं खनिज अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जब्त किए गए ट्रैक्टरों की कुल कीमत लगभग 20 लाख 18 हजार रुपए बताई गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *