पिता की डांट पर घर से निकली 7-साल की बेटी:लखनऊ में 9 घंटे बाद पुलिस ने परिवार से मिलाया




लखनऊ में पिता की डांट से नाराज होकर 7 साल की मासूम बेटी घर छोड़कर निकल गई। अनजान शहर की गलियों में भटकती बच्ची करीब 9 घंटे तक परिवार से दूर रही। बाद में पुलिस और स्थानीय महिलाओं की मदद से बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता से मिलाया गया। मूल रूप से बहराइच का रहने वाला परिवार कुछ दिन पहले ही खरगापुर विस्तार क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आया था। रविवार शाम करीब 5 बजे पिता ने बेटी को डांट दिया। इससे नाराज होकर मासूम घर से बाहर निकल गई। बच्ची भटकते-भटकते राम आसरे पुरवा इलाके तक पहुंच गई। वहां मौजूद डिंपल सिंह और अंजली कनौजिया की नजर रोती हुई बच्ची पर पड़ी। दोनों महिलाओं ने बच्ची से घर और परिवार के बारे में पूछने की कोशिश की, लेकिन वह सिर्फ अपनी मां और भाइयों का नाम ही बता पा रही थी। इसके बाद दोनों महिलाएं बच्ची को लेकर विस्तार थाने पहुंचीं। इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बच्ची को शांत कर उससे जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार मां को याद कर रोती रही। उधर बेटी के अचानक गायब होने से परिवार परेशान होकर उसकी तलाश में जुटा था। विस्तार पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से इलाके में लगातार खोजबीन की। करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस बच्ची के परिवार तक पहुंच गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *