![]()
चंदौली जिले की सैयदराजा थाना पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक विशेष अभियान के तहत पांच दिनों में कुल 3600 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया है। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई देश में बढ़ती डीजल-पेट्रोल की कीमतों के मद्देनजर अवैध तस्करी और राजस्व चोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इसी क्रम में यूपी-बिहार सीमा पर सघन जांच अभियान शुरू किया गया था। पहली कार्रवाई 20 मई को की गई, जब पुलिस ने एक कंटेनर से 2000 लीटर डीजल जब्त किया। इस दौरान श्रवण कुमार, ऋतुराज और जय नारायण सिंह नामक तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 23 मई को पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर और लोकेशन देने में इस्तेमाल की जा रही एक इनोवा गाड़ी से 1600 लीटर डीजल बरामद किया। इस मामले में जावेद, मोईन और फर्म स्वामी शाकिर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त निर्माण कार्य के नाम पर उत्तर प्रदेश से बिहार डीजल ले जाने का बहाना बनाते थे। हालांकि, जांच में राजस्व चोरी कर अवैध तरीके से डीजल तस्करी किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों कार्रवाइयों में कुल 3600 लीटर डीजल, एक इनोवा गाड़ी और दो कंटेनर बरामद किए गए हैं। सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि इतनी बड़ी मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने वाले संबंधित पेट्रोल पंपों की भी जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चंदौली में पांच दिन में 3600 लीटर डीजल बरामद:अवैध तस्करी के आरोप में छह गिरफ्तार, तीन वाहन जब्त















Leave a Reply