छतरपुर में XUV कार से अवैध शराब की तस्करी:जंगल से 369 लीटर देशी शराब जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा मौके से फरार




छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र स्थित ऊमरझिरिया जंगल में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक XUV-500 कार से करीब 2 लाख रुपए कीमत की 369 लीटर देशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ऊमरझिरिया जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक XUV-500 (एमपी 04 सीपी 3999) को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर से 41 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 10 पेटी प्लेन (90 लीटर) और 31 पेटी मसाला (279 लीटर) देशी शराब भरी हुई थी। जब्त की गई कुल 369 लीटर शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 95 हजार रुपए है। एक आरोपी गिरफ्तार, वाहन चालक भागा
पुलिस ने मौके से ग्राम सोंरई निवासी 38 वर्षीय कन्हैया यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, कार्रवाई के दौरान कार चला रहा दूसरा आरोपी नातीराजा (निवासी जगारा, थाना बाजना) पुलिस को देखकर जंगल में भाग निकला। पुलिस फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज
पुलिस ने अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की गई करीब 4 लाख रुपए कीमत की XUV कार को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *