![]()
रामगढ़ताल को साफ और आकर्षक बनाने के लिए अब फ्लोटिंग वेटलैंड स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने इसके लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए हैं। फ्लोटिंग वेटलैंड से पक्षी आकर्षित होंगे और रामगढ़ताल की सुंदरता बढ़ सकेगी। ताल का पानी भी इससे स्वच्छ होगा। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने 18 मई को रामगढ़ताल और ताल रिंग रोड का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गौतम बुद्ध द्वार पैडलेगंज से स्मार्टव्हील शो रुम की ओर जाने वाले ताल रिंग रोड के पास झील में काफी गंदगी देखी। पम्पिंग स्टेशन से सटे इस हिस्से में पानी काफी उथला और दुर्गंध युक्त दिखा। हालांकि यहां गंदगी झील में न जाए इसके लिए प्राधिकरण ने पहले ही फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर लगा रखा है। इस फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर को प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देश पर ताल रिंग रोड के सिरे तक मजबूती से टाइट किया गया है। अब ताल के किनारे और फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर के बीच फ्लोटिंग वेटलैंड स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए ड्रेजिंग कर सिल्ट निकाली जाएगी। उसके बाद इस फ्लोटिंग वेटलैंड को प्राकृति ढंग से बनाया जाएगा। इस पर पक्षियों को आकर्षित करने वाले जलीय पौधे लगाए जाएंगे। ताकि उन पौधों में पक्षियों के खाने के लिए जरूरी कीट पतंगे भी मिल जाए। अभिनव गोपाल का मानना है कि यह फ्लोटिंग वेटलैंड प्राकृतिक तरीके से पानी को साफ रखने में सहायक होगा। इससे जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट नियंत्रित होंगे। झील का पर्यावरणीय संतुलन बेहतर बनेगा। रामगढ़ताल आने वाले लोगों को भी अधिक स्वच्छ और आकर्षक वातावरण मिल सकेगा।
वन्यजीव एवं पर्यावरण के क्षेत्र में सक्रिय हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षक डॉ अनिता अग्रवाल के नेतृत्व में लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि ताल से जलकुम्भियां निकल जाने के बाद पक्षियों को रामगढ़ के ताल के आसपास सुरक्षित बैठने का स्थान नहीं मिल रहा है।
Source link
रामगढ़ताल में बनेगा फ्लोटिंग वेटलैंड:पक्षी होंगे आकर्षित; ताल की सुंदरता भी बढ़ेगी
















Leave a Reply