![]()
कुशीनगर में दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे एक किशोर की नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार में शोक छा गया। एक ही दिन में परिवार में दो मौतों से परिजन सदमे में हैं। जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी छपरा पटखौली निवासी मनोज रौनियार अपने परिवार के साथ नगर पंचायत पथरदेवा के महुआरी चौराहे के पास रहते हैं। वह चाय-मिठाई, कपड़ा और बर्तन की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार को मनोज रौनियार की मां लालमुनी देवी का निधन हो गया था। परिवार के सदस्य उनके अंतिम संस्कार के लिए कुशीनगर के प्रसिद्ध बांसी घाट पहुंचे थे। दोपहर करीब तीन बजे दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के सदस्य बांसी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान मनोज रौनियार का 16 वर्षीय पुत्र प्रियांशु रौनियार नदी में नहाने उतरा और अचानक गहरे पानी में चला गया। प्रियांशु को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकाला। अचेत अवस्था में प्रियांशु को एंबुलेंस से जिला अस्पताल रविंद्र नगर धूस ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिजन किशोर को नदी से बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। प्रियांशु दो भाइयों में बड़ा था और पढ़ाई के साथ पिता के काम में भी सहयोग करता था। बेटे की मृत्यु के बाद मां अति सुंदरी देवी और छोटे भाई हिमांशु का बुरा हाल है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना छोटी गंडक नदी घाट स्थित पटनवा पुल के पास उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कस्बे और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चेयरमैन क्रांति और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राणा प्रताप सिंह समेत कई लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Source link
दादी के अंतिम संस्कार में पहुंचा किशोर नदी में डूबा:कुशीनगर में नहाते समय गहरे पानी में पहुंचा, परिवार में एक ही दिन में दो मौतें
















Leave a Reply