गंगा दशहरा और बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट:डीएम और एसपी ने पीस कमेटी की बैठक की, बोले- सड़क पर नहीं पढ़ी जाएगी नमाज




प्रतापगढ़ में आगामी गंगा दशहरा और ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस लाइन स्थित टिन शेड सभागार में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक की। इस बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक और धर्मगुरु शामिल हुए। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि सभी पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, और इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो। गंगा दशहरा के मद्देनजर, जिलाधिकारी ने नदियों और जलाशयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने गहरे स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने, लाल झंडे लगाने और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। गोताखोरों की पहचान के लिए रिफ्लेक्टर कैप की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गंगा दशहरा के अवसर पर सभी घाटों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। बकरीद के संबंध में, पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर किसी भी स्थिति में नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। नमाज केवल ईदगाहों और मस्जिदों में ही अदा की जाए। यदि भीड़ अधिक होती है, तो शिफ्टवार नमाज की व्यवस्था लागू की जाए। एसपी ने यह भी बताया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुर्बानी केवल चिन्हित स्थानों पर ही की जाए तथा अवशेषों का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदूषण या सामाजिक असहजता की स्थिति उत्पन्न न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *