राजस्व अधिवक्ताओं की हड़ताल 15वें दिन भी जारी:सपा जिलाध्यक्ष ने दिया समर्थन, आमरण अनशन की चेतावनी




औरैया में राजस्व अधिवक्ताओं की हड़ताल शनिवार को 15वें दिन भी जारी रही। इस दौरान तहसील परिसर में न्यायिक, प्रशासनिक और बैनामा संबंधी सभी कार्य पूरी तरह ठप रहे। अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर क्रमिक अनशन पर भी बैठे हैं। राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन के रवैये पर नाराजगी व्यक्त की। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील पांडेय ने बताया कि पिछले 15 दिनों से अधिवक्ता शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इससे अधिवक्ताओं में रोष बढ़ रहा है। एसोसिएशन के महामंत्री हरिभानु अवस्थी ने चेतावनी दी कि यदि क्रमिक अनशन के दौरान किसी भी अधिवक्ता की तबीयत बिगड़ती है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अधिवक्ता आमरण अनशन पर बैठने के लिए भी तैयार हैं। इस हड़ताल को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम का भी समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि वह वकीलों के हितों की लड़ाई में उनके साथ हैं। सोमवार को शुरू हुए क्रमिक अनशन में शिवकुमार शुक्ला, ऋषि पाठक, शिशुपाल सिंह पाल, सुधीर पांडे और विनय सक्सेना शामिल रहे। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उपजिलाधिकारी सदर का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *