![]()
आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष पूर्ण होने पर बेंगलुरु स्थित इंटरनेशनल सेंटर में उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश और देश के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। आश्रम के अलौकिक और आध्यात्मिक माहौल से अभिभूत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान भोपाल और बुंदेलखंड के कलाकारों ने भी अपनी कला का लोहा मनवाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आर्ट ऑफ लिविंग के ‘ध्यान मंदिर’ में विशेष सत्संग को संबोधित करते हुए कहा, “आने और जाने वाली श्वासों के मध्य प्रसन्नतापूर्वक जीना ही परम आनंद है और गुरुदेव आपके माध्यम से हम इस सत्य का अनुभव कर रहे हैं।” सीएम ने आगे कहा कि देश का कोई भी कोना हो, हर तरफ से एक ही आवाज आती है। यदि जीवन को सच में आनंद के साथ जीना है, तो बेंगलुरु में गुरुदेव के सान्निध्य में आइए। एमपी की जेलों में गुरुदेव का ‘जादू’, सुधर रहे हैं कैदी
मध्यप्रदेश देश के उन शुरुआती राज्यों में है, जहां गुरुदेव के विचारों ने बड़ा असर दिखाया है। खासकर प्रदेश की जेलों में चल रहा ‘प्रिजन स्मार्ट प्रोग्राम’ सबसे प्रभावी रहा है। विशेष श्वास तकनीकों, ध्यान और भावनात्मक काउंसलिंग के माध्यम से मध्यप्रदेश के हजारों कैदियों का जीवन बदल चुका है। वे जेलों के भीतर अपने क्रोध, पुराने डिप्रेशन और निराशा से बाहर आ रहे हैं। नक्सल प्रभावित और जनजातीय क्षेत्रों में भी यह अभियान युवाओं को लीडर बना रहा है। सोमनाथ की पुनर्स्थापना का महायज्ञ देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक यात्रा में गुरुदेव की भूमिका को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने सोमनाथ मंदिर का जिक्र किया। डॉ. यादव ने कहा, “एक हजार साल पहले हमारे पवित्र सोमनाथ धाम को आतंकवादी आक्रमण में ध्वस्त कर दिया गया था। आज एक सहस्राब्दी के बाद गुरुदेव के मार्गदर्शन में सोमनाथ पुनर्स्थापना का यह यज्ञ पुनः आरंभ हुआ है। हमारी सनातन संस्कृति की धारा गंगोत्री से गंगासागर तक अविरल बह रही है।” आध्यात्मिक ऊर्जा से मुमकिन हुआ नशे के खिलाफ अभियान नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार और ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल भी इस पल के साक्षी बने। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ गुरुदेव का अभियान सिर्फ दवाओं से सफल नहीं हो रहा, बल्कि योग और प्राणायाम की आध्यात्मिक ऊर्जा से मुमकिन हुआ है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने भानु दीदी और गुरुदेव द्वारा महिलाओं व बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों को देखा और इच्छा जताई कि इन अद्भुत पहलों को मध्यप्रदेश में भी तेजी से लागू किया जाए। बेंगलुरु में एमपी के कलाकारों ने बांधा समां
सांस्कृतिक समिट में मध्यप्रदेश की कला और रंगमंच का जलवा रहा। भोपाल रंगमंच की जानी-मानी हस्ती शोभा चटर्जी ने उपस्थिति दर्ज कराई। एमपी स्कूल ऑफ ड्रामा के निदेशक संजय उपाध्याय ने अपनी प्रस्तुति ‘एक थी चिड़ी’ से सबको भावुक कर दिया। संजय श्रीवास्तव ने ‘द अर्थ्स मेलोडी’ के जरिए मध्यप्रदेश के लोकसंगीत का जादू बिखेरा। कलाकार अक्षय सिंह ठाकुर ने बुंदेलखंड की जीवंत लोक परंपरा ‘स्वांग : जस की तस’ को मंच पर जीवंत कर दिया, जबकि वरिष्ठ रंगकर्मी भागीरथी बाई कदम ने शास्त्रीय कथाओं को आधुनिक संवेदनाओं से जोड़ा। 70 की उम्र में भी वैश्विक प्रेरणा हैं श्री श्री इस 45 वर्षीय वैश्विक उत्सव में देश-दुनिया की नामचीन हस्तियां जुट चुकी हैं। अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मणिपुर के सीएम युमनाम खेमचंद, लंदन से आए सुरेश यादव, हिमाचल के राज्यपाल काविंदर गुप्ता, सुपरस्टार रजनीकांत, लोकगायक स्वरूप खान और कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय आदि हाजिरी लगा चुके हैं। 70 वर्ष की आयु में भी गुरुदेव श्री श्री रविशंकर राजनीति, अध्यात्म, उद्योग और कला को एक सूत्र में पिरोकर समाज को तनावमुक्त बनाने में जुटे हैं।
Source link
आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यक्रम में शामिल हुए CM:मोहन यादव बोले-जेल के कैदियों का गुस्सा शांत कर रहा गुरुदेव का 'प्रिजन स्मार्ट' प्रोग्राम















Leave a Reply