![]()
पीलीभीत के सेहरामऊ थाना क्षेत्र के जोगराजपुर गांव में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जोगराजपुर निवासी गौरव गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को उनकी दुकान पर अनोखे लाल नामक एक व्यक्ति आया। खुद को मुरादाबाद का निवासी बताने वाले इस शख्स ने ईसाई धर्म का प्रचार शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने वहां मौजूद लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया और इसके बदले में सरकारी नौकरी तथा सुंदर लड़की से शादी कराने का प्रलोभन दिया। स्थानीय लोगों ने जब इस बात का विरोध किया, तो आरोपी अनोखे लाल ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपी की इस हरकत पर आक्रोश व्यक्त करते हुए थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित गौरव गुप्ता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम ने आरोपी अनोखे लाल को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूरनपुर के सीओ प्रतीक दहिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शांति व्यवस्था भंग करने और अवैध रूप से धर्म परिवर्तन का लालच देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Source link
'धर्म बदल लो, सरकारी नौकरी और सुंदर लड़की मिलेगी':कहने वाला गिरफ्तार, पीलीभीत में विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी थी















Leave a Reply