![]()
आगर-मालवा जिले में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को नौतपा के पहले दिन जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार रात न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ, जिससे दोपहर में शहर की सड़कें और बाजार सूने दिखाई दिए। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं और लू जैसे हालात ने गर्मी का असर और बढ़ा दिया। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। बाइक सवार और राहगीर सिर व चेहरे पर कपड़ा बांधकर चलते दिखे, जबकि कई लोग छाता और पानी की बोतल साथ लेकर निकले। इस भीषण गर्मी का सर्वाधिक असर मजदूर वर्ग, छोटे व्यापारियों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ा। तेज धूप के कारण निर्माण कार्यों और बाहरी गतिविधियों की गति भी धीमी पड़ गई। दोपहर के समय कई स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम के बदले मिजाज के बीच आसमान में कहीं-कहीं हल्के बादल भी छाए रहे। बादलों के कारण कुछ समय के लिए सूर्य की तपिश में हल्की कमी आई, लेकिन उमस बढ़ने से लोगों को खास राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले में गर्मी का असर और बढ़ सकता है, और लू जैसे हालात बनने की संभावना है। गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। गन्ने का रस, शिकंजी और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। एडवाइजरी जारी डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और अत्यावश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। नौतपा की शुरुआत ने ही गर्मी की गंभीरता का एहसास करा दिया है, जिससे आने वाले दिनों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
Source link
नौतपा के पहले दिन आगर में 41 डिग्री पर पारा:दोपहर में सड़कें सूनी; डॉक्टरों की एडवाइजरी जारी















Leave a Reply