![]()
सिद्धार्थनगर में बाल श्रम मुक्त अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम विभाग द्वारा आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वेक्षण में चिन्हित बाल श्रमिकों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए और उन्हें विद्यालयों में नामांकित कर मुख्यधारा से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि बाल श्रम उन्मूलन किसी एक विभाग का कार्य नहीं है, बल्कि इसमें सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जिले में कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। प्रोबेशन विभाग को बच्चों और उनके परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने बाल श्रम के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, प्रभावी कार्रवाई करने और इसकी सतत निगरानी पर बल दिया। उन्होंने स्वयंसेवी संस्था मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से भी ‘बाल श्रम मुक्त सिद्धार्थनगर’ अभियान में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संस्था द्वारा तैयार की गई जागरूकता सामग्री, पोस्टर, स्टिकर और सरकारी योजनाओं से संबंधित बुकलेट का विमोचन भी किया। बैठक में सहायक श्रमायुक्त ओम प्रकाश, श्रम प्रवर्तन अधिकारी उज्ज्वल कुमार त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, विवेकानंद मिश्रा, बीएसए शैलेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष अपर्णा श्रीवास्तव, जिला समन्वयक प्रसून शुक्ला, जिला सलाहकार जय प्रकाश, चाइल्डलाइन समन्वयक सुनील उपाध्याय, संरक्षण अधिकारी विवेक मालवीय, एएचटी प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह और निरीक्षक रामा प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source link
सिद्धार्थनगर में डीएम ने बाल श्रम पर दिए निर्देश:बोले- चिह्नित बच्चों का पुनर्वास कर स्कूलों से जोड़ा जाए














Leave a Reply