![]()
देवास में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में ‘राहवीर’ योजना के तहत सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने ‘हिट एंड रन’ मामलों के पीड़ित परिवारों को राहत राशि भी प्रदान की। सड़क हादसों में मदद करने वाले ‘राहवीर’ सम्मानित कार्यक्रम में चार ऐसे ‘राहवीरों’ को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों का डेढ़ लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज कराया गया। पिछले दो महीनों में जिले के विभिन्न अस्पतालों में 200 से अधिक घायलों का उपचार किया गया। इस दौरान स्वस्थ होकर घर लौटे कुछ लोगों को भी सम्मानित किया गया। ‘हिट एंड रन’ राहत राशि दिलाने में प्रदेश में प्रथम रहा देवास ‘हिट एंड रन’ योजना के तहत देवास जिला राहत राशि दिलाने में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। वर्ष 2022 से 2026 के बीच दर्ज 130 प्रकरणों में से 68 मामलों में मृतकों के परिजनों को लगभग 61 लाख रुपये की राहत राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। “पुलिस की मदद से लगा कि हम अकेले नहीं हैं” इस अवसर पर सड़क हादसे में अपने पति को खो चुकी एक महिला ने पुलिस प्रशासन द्वारा मिली सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पति के निधन के बाद उन्हें लगा था कि सब कुछ खत्म हो गया है, लेकिन पुलिस की मदद से उन्हें यह एहसास हुआ कि वे अकेली नहीं हैं। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने कहा कि सड़क हादसों में मृत्यु दर में कमी केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि यह उन लोगों के जीवन से जुड़ा विषय है, जो आज अपने परिवारों के साथ सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मात्र आठ महीनों में 68 परिवारों को 61 लाख रुपये की राहत राशि दिलाना पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। रोड सेफ्टी बैठकों के सकारात्मक परिणाम सामने आए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि प्रति माह आयोजित रोड सेफ्टी बैठकों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए विश्लेषणात्मक और लक्ष्य-उन्मुख बनाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘हिट एंड रन’ योजना के शेष 62 प्रकरणों में भी जल्द राहत राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ‘राहवीर’ योजना के लंबित प्रस्तावों में भी शीघ्र प्रोत्साहन राशि स्वीकृत करवाई जाएगी। पुलिस टीम का भी किया सम्मान कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने पुलिस टीम का भी सम्मान किया। थाना प्रभारियों के साथ परिवहन अधिकारी निशा चौहान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, सिविल लाइन थाना प्रभारी अमित सोलंकी, ट्रैफिक थाना प्रभारी पवन बागड़ी सहित कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
Source link
सड़क हादसों में जान बचाने वाले ‘राहवीर’ सम्मानित:‘हिट एंड रन’ राहत देने में देवास प्रदेश में अव्वल, परिवारों को मिली 61 लाख की राहत राशि














Leave a Reply