कलेक्टर-निगम कमिश्नर ने की वाटर सप्लाई की समीक्षा:अधिकारियों से कहा- लगातार मॉनिटरिंग करो, लापरवाही नहीं होनी चाहिए




इंदौर में लगातार बढ़ते जल संकट के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। पानी की समस्या को लेकर कई जगह चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन भी हो चुके हैं। पानी की समस्या को देखते हुए सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने वॉटर सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में सभी अपर आयुक्त, विभागीय अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान वर्तमान वॉटर सप्लाई व्यवस्था, पानी की टंकियों की स्थिति, वॉटर टैंकर संचालन, हाइड्रेंट व्यवस्था और लोगों को बिना परेशानी पीने का पानी उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न जोनों में जल वितरण की स्थिति, जल आपूर्ति के दौरान टैंकरों की उपलब्धता और संभावित समस्याओं के निराकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। सभी अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि गर्मी में बढ़ती जल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें। जहां भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर और निगम कमिश्नर ने स्काडा कंट्रोल रूम में पानी की टंकियां भरने और सप्लाई संबंधी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इधर, नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने सभी अपर आयुक्तों से कहा है कि वे अपने-अपने आवंटित जोन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा करें और फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करें। साथ ही, पानी की टंकियों की साफ-सफाई, जल वितरण व्यवस्था, हाइड्रेंट संचालन और टैंकर आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *