![]()
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा इंदौर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 17 खाद्य सैंपल जांच के लिए लैब भेजे। सी-21 मॉल के सामने जेमिनी मॉल स्थित हेडली पिज़ा रेस्टारेंट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन और स्टोरेज क्षेत्र में गंभीर अनियमितताएं और अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। किचन में साफ-सफाई का अभाव था तथा फ्रिज और फर्श पर कॉकरोच घूमते दिखाई दिए। खाद्य पदार्थ बनाने में उपयोग किया जा रहा तेल अत्यधिक जला हुआ और काला पाया गया। जूठन के डस्टबिन खुले मिले और तैयार खाद्य पदार्थ बिना ढके रखे पाए गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं थे, जबकि पेस्ट कंट्रोल और पानी जांच का रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना बैच नंबर और पैकिंग डेट वाले नमक का उपयोग पाया गया। खाद्य सामग्री रखने वाले रैक और मॉकटेल निर्माण क्षेत्र में भारी मात्रा में जंग भी मिली। मौके से पनीर, दही, जला हुआ तेल और नमक सहित कुल 4 सैंपल जांच हेतु लिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 के तहत संबंधित फर्म और प्रोपराइटर को नोटिस जारी किया जा रहा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इंपोर्टेड फूड की भी जांच एफएसएसएआई के निर्देश पर इंपोर्टेड फूड उत्पादों की लेबलिंग संबंधी शिकायतों के चलते विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्कीम नंबर-78 स्थित जीआर मार्ट (7 कोर्स) का निरीक्षण कर इंपोर्टेड फूड के 7 नमूने लिए गए। वहीं मिस्टर बिन से भी इंपोर्टेड फूड के 5 सैंपल जांच हेतु एकत्र किए गए। CM हेल्पलाइन शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शिकायतकर्ता से चर्चा की। शिकायत में मंचुरियन राइस खराब और बासी परोसे जाने की बात कही गई थी। इसके बाद ओल्ड कोलकोता रोल का निरीक्षण कर मंचुरियन राइस का सैंपल जांच हेतु लिया गया। निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता ने संतुष्टि जताई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंदगी, असुरक्षित खाद्य निर्माण और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Source link
इंदौर में गंदगी मिलने पर हेडली पिज्जा रेस्टोरेंट को नोटिस:जला हुआ तेल, कॉकरोच और अस्वच्छ किचन मिलने पर सख्ती, जांच के लिए भेजे 17 सैंपल















Leave a Reply