![]()
राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में सोमवार को कृषि उपज मंडी की अव्यवस्थाओं के विरोध में किसानों ने नेशनल हाईवे-46 पर चक्का जाम कर दिया। फसलों की समय पर तुलवाई न होने और भुगतान अटकने से नाराज किसानों ने मंडी के बाहर हाईवे के दोनों ओर बैठकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान उन्होंने मंडी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अचानक हुए जाम के कारण हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग 15 से 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा। घंटों इंतजार के बावजूद नहीं हो रही थी तुलाई
दरअसल, मंडी में सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंचे थे। किसानों ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार के बावजूद उनकी फसल की तुलवाई नहीं हो रही थी। इसके अतिरिक्त, जिन किसानों की उपज बिक चुकी थी, उन्हें भी समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा था। जानकारी के अनुसार, व्यापारियों के पास नकद भुगतान व्यवस्था प्रभावित होने के कारण किसानों की राशि अटक गई थी। इसी कारण किसानों में नाराजगी बढ़ती गई और उन्होंने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। किसानों का कहना था कि मंडी में यह स्थिति कई दिनों से बनी हुई है। दूर-दराज के गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से उपज लेकर आने वाले किसानों को घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाएं ठीक नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आधे घंटे तक किसानों ने प्रदर्शन किया
चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। नरसिंहगढ़ एसडीएम सुशील कुमार, तहसीलदार विराट अवस्थी, थाना प्रभारी गूंजा सोलंकी, मंडी सचिव भिल्ला और मंडी व्यापारी किसानों से बातचीत करने पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को जल्द भुगतान कराने और तुलवाई व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। लगभग आधे घंटे तक चली बातचीत के बाद किसान शांत हुए और हाईवे से हट गए। इसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया। इस घटना के दौरान मंडी परिसर और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Source link
तुलवाई और भुगतान अटकने पर किसानों ने हाईवे जाम किया:नरसिंहगढ़ मंडी की अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों का NH-46 पर बैठकर प्रदर्शन
















Leave a Reply