छतरपुर में 47॰ पार पहुंचा तापमान, रेड अलर्ट जारी:रात में भी चल रहीं गर्म हवाएं; मोबाइल पर सायरन जैसे हीट वेव अलर्ट पहुंच रहे




छतरपुर जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजस्थान की ओर से आने वाली उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण दिन ही नहीं बल्कि शाम और रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही। सोमवार को जिले के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहे। गर्म हवा के थपेड़ों ने बाजारों से लेकर सड़कों तक लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को खजुराहो में अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा। नौगांव में 1॰ की बढ़त, पारा 46.8॰ पहुंचा
इसी तरह नौगांव में भी गर्मी का असर बेहद तीखा रहा। यहां अधिकतम तापमान 1 डिग्री की बढ़त के साथ 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो औसत से 1.3 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राहत की संभावना से इनकार किया है। अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट
विभाग के मुताबिक, 26 और 27 मई को जिले में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 28 और 29 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और उमस जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि 30 और 31 मई को तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। उल्टा बारिश के बाद उमस बढ़ सकती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ेगी। लगातार मोबाइल पर पहुंच रहे हीट वेव अलर्ट
जिले में गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा लगातार हीट वेव अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। सोमवार दोपहर भी लोगों के मोबाइल फोन पर रेड अलर्ट के संदेश पहुंचे। इन अलर्ट मैसेज की आवाज सायरन जैसी होने के कारण कई लोग अचानक घबरा जाते हैं। हालांकि अब अधिकांश लोगों को समझ आने लगा है कि यह हीट वेव की चेतावनी है। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *