गंगा दशहरा कार्यक्रम में शिवपुरी नपा अध्यक्ष मंच से उतरीं:सीएमओ पर सार्वजनिक अपमान का आरोप लगाया, बोलीं- प्रदेश नेतृत्व से शिकायत करेंगी




शिवपुरी के गोरखनाथ मंदिर में गंगा दशहरा पर आयोजित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ कार्यक्रम के दौरान एक असहज स्थिति उत्पन्न हो गई। नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा नाराज होकर मंच से उठकर चली गईं। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया जा रहा था। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा नाराज दिखीं और कुछ देर बाद मंच से उतरकर कार्यक्रम स्थल से चली गईं। इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सीएमओ पर लगाया सुनियोजित अपमान का आरोप नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने इस घटना के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ईशांक धाकड़ पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित किया गया था, लेकिन सीएमओ ने सुनियोजित तरीके से मंच पर उनके लिए कुर्सी तक नहीं लगवाई। शर्मा ने आगे बताया कि कुर्सी न होने के बावजूद वह मंच पर बैठीं, लेकिन सम्मान समारोह के दौरान उनका नाम नहीं बुलाया गया, जिससे उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित महसूस हुआ। बोलाीं- महिला जनप्रतिनिधियों का हो रहा अपमान गायत्री शर्मा ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी शक्ति और महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर शासकीय अधिकारी महिला जनप्रतिनिधियों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि वह इस पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव और प्रदेश नेतृत्व से करेंगी। सीएमओ बोले- कार्यक्रम में उनका नाम लिया गया था इस मामले पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ईशांक धाकड़ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा मंच पर मौजूद थीं और कार्यक्रम के दौरान उनका नाम भी लिया गया था। सीएमओ धाकड़ ने कहा कि इसके बावजूद वह मंच छोड़कर क्यों चली गईं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *