भिलाई में 24 घंटे के भीतर लूट की दो वारदातें:परीक्षा दिलाने आए युवक पर चाकू से हमला;गौरवपथ पर स्कूटी सवार से 4 हजार लूटे




भिलाई में पिछले 24 घंटे के दौरान लूट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहला मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां बहन को परीक्षा दिलाने बीजापुर से आए युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। वहीं दूसरी घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार तीन युवकों ने स्कूटी सवार को रोककर नकदी और आधार कार्ड लूट लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। बहन को परीक्षा दिलाने भिलाई पहुंचा युवक पुलिस के मुताबिक बीजापुर जिले के टेकमेटला निवासी धर्मेंद्र गटपल्ली (21) अपनी बहन ज्योति को परीक्षा दिलाने 23 मई की सुबह भिलाई पहुंचे थे। उनकी बहन की परीक्षा रूंगटा कॉलेज में थी। दोनों सुबह करीब 3:30 बजे घड़ी चौक, सुपेला पहुंचे। बस से उतरने के बाद धर्मेंद्र पास की दुकान से साबुन खरीदने जा रहा था। चाकू दिखाकर पैसे मांगे, मोबाइल छीनने की कोशिश इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक और स्कूटी में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों बदमाशों ने धर्मेंद्र को रोककर चाकू दिखाते हुए पैसे मांगे। डर के कारण उसने जेब में रखे 300 रुपए उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपी उसकी तलाशी लेने लगे, तभी उनकी नजर धर्मेंद्र के मोबाइल फोन पर पड़ी और वे मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर युवक पर किया चाकू से हमला धर्मेंद्र ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसकी जांघ और घुटने के पीछे चाकू मार दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। गौरव पथ पर राहगीर से लूट दूसरी घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सामने आई। जवाहर नगर निवासी उमेश सिंह परमार (45) ने पुलिस को बताया कि वह सिविक सेंटर में काम करता है। शनिवार देर रात काम खत्म करने के बाद वह अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 07 सीपी 4157 से घर लौट रहा था। रात करीब 1:30 बजे जब वह सुंदर नगर स्थित गौरवपथ के पास पहुंचा, तभी पीछे से बाइक सवार तीन युवक आए और उसकी स्कूटी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों में से एक युवक ने अपने साथियों को उमेश की तलाशी लेने के लिए कहा। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब से 4 हजार रुपए नकद और आधार कार्ड निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उमेश ने भागते समय आरोपियों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। उसने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। जांच के दौरान पुलिस ने घासीदास नगर, जामुल निवासी सूरज कुमार राजभर (18) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 126 (2), 3(5) और 309(4) के तहत केस दर्ज किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *