देवास में डेढ़ लाख के अवैध पटाखे जब्त:पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद से प्रशासन चला रहा अभियान




देवास में अवैध पटाखों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार शाम को कोतवाली पुलिस ने पीठ रोड स्थित एक दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दयाराम ट्रेडर्स की दुकान पर तलाशी ली। पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद से सक्रिय है पुलिस
तलाशी के दौरान दुकान में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से पटाखे रखे मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरा माल जब्त कर लिया। जब्त किए गए पटाखों को सुरक्षा के मद्देनजर राजोदा स्थित गोदाम में रखवाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद शर्मा ने बताया कि दुकान पर बिना अनुमति करीब डेढ़ लाख रुपये के पटाखे रखे गए थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की गई है और अवैध पटाखों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ऋतुराज सिंह और एसपी पुनीत गेहलोद ने जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बीते दिनों प्रशासनिक टीम द्वारा कई गोदामों को सील करने की कार्रवाई भी की गई थी। सोमवार को पीठ रोड पर हुई यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। बता दें कुछ दिन पहले देवास में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से प्रशासन क्षेत्र में अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चला रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *