Sultanpur Girl Cheated Rs 4.46 Lakh on Facebook; Father Dies, Accused Threatens Life


सुलतानपुर3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र में एक युवती से फेसबुक के जरिए 4.46 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी के सदमे से पीड़िता के पिता की मौत हो गई। अब आरोपी युवती को जान से मारने की धमकी देकर और पैसे मांग रहा है।

अंबेडकरनगर निवासी पीड़िता सविता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी मुलाकात फेसबुक के माध्यम से कुड़वार थाना क्षेत्र के ककरोहा बभनगवा निवासी अरुण राज कोरी से हुई थी। अरुण ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैरवी के नाम पर पैसे मांगे।

पीड़िता ने आरोपी के झांसे में आकर 25 जून 2025 से 26 सितंबर 2025 के बीच विभिन्न तारीखों पर कुल 4,46,000 रुपये ऑनलाइन माध्यम (UPI) से अरुण के खाते में भेजे। यह राशि पीड़िता के पिता ने उसकी शादी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए जमा की थी।

इस धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता को गहरा सदमा लगा। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पिता की मृत्यु के बाद जब पीड़िता ने आरोपी से पैसे वापस मांगे, तो उसने इनकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार, 10 जनवरी को कुड़वार बाजार के पास आरोपी ने उसे रोककर 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद कुड़वार थाने में आरोपी अरुण राज कोरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक अंबरीश कुमार पाठक को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *