![]()
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के तवा बफर रेंज के रेंजर के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर से करीब 10 लाख रुपए कीमत का सोने का नेकलेस, चेन और नकदी चोरी कर ले गए। घटना का खुलासा सोमवार दोपहर उस समय हुआ, जब रेंजर अमित सिंह चौहान बनखेड़ी से लौटकर अपने बंगले पहुंचे। जानकारी के अनुसार भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे-46 स्थित रेंज ऑफिस परिसर में रेंजर अमित सिंह चौहान का सरकारी आवास है। वे 9 से 10 मई तक पारिवारिक काम से अवकाश पर थे। इस दौरान घर में ताला लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि 10 मई की रात अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जब रेंजर चौहान आवास पहुंचे तो कमरे का सामान बिखरा मिला। उन्होंने देखा कि अलमारी में रखा 68 ग्राम का सोने का नेकलेस, 22 ग्राम की सोने की चेन, 75 हजार रुपए नकद, एक चांदी का गिलास और मोबाइल फोन गायब था। सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस चोरी से ज्यादा चर्चा पुलिस के रवैये की रही। नर्मदापुरम और बैतूल जिले की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही, जिसके चलते देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। रेंजर चौहान ने पहले शाहपुर की भौंरा चौकी को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल केसला थाना क्षेत्र में होने की बात कहकर मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद केसला थाना प्रभारी मदनलाल पवार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। हालांकि बाद में उन्होंने भी इसे शाहपुर थाना क्षेत्र का मामला बताते हुए भौंरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। 4 साल पहले भी हुई थी चोरी केसला थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि इसी सरकारी आवास में वर्ष 2022 में भी चोरी हुई थी। उस समय तत्कालीन रेंजर निशांत डोसी ने शाहपुर थाने में मामला दर्ज कराया था। इसलिए वर्तमान चोरी का मामला भी वहीं दर्ज होना चाहिए। दोनों थानों ने अपने-अपने दावे किए भौंरा चौकी प्रभारी नीरज खरे का कहना है कि फोरलेन के एक हिस्से और नदी के छोर के आधार पर कुछ क्षेत्र केसला थाना सीमा में आते हैं। वहीं केसला थाना प्रभारी का कहना है कि धार बैरियर से आगे का क्षेत्र शाहपुर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है और वहां होने वाली घटनाओं की जांच भी शाहपुर पुलिस करती है। सीमा विवाद के कारण देर रात तक रेंजर चोरी की एफआईआर दर्ज कराने के लिए भटकते रहे।
Source link
टाइगर रिजर्व के रेंजर बंगले में 10 लाख की चोरी:9 तोले का नेकलेस, सोने की चेन और नकदी ले गए चोर; सीमा विवाद में उलझी पुलिस














Leave a Reply