![]()
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने डकैती और लूट की कई वारदातों में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, 19 मई की रात इस्लामनगर कस्बे में निजाकत के घर डकैती हुई थी। बदमाश करीब 1.25 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर लूट ले गए थे। इसके अलावा सिठौली गांव में हरचरन, प्रेमपाल, श्याम यादव और मुनेश पाल के घरों में भी नकदी और जेवरात की लूट की गई थी। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं। सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बरिया पुल के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का सरगना किशनपाल निवासी जनेठा थाना बनियाठेर, संभल; मनोज निवासी प्रतापपुर थाना बहजोई, संभल और भूरा निवासी भोजपुर, हापुड़ घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान सिपाही अनुज कुमार को भी गोली लगी। पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर बहजोई निवासी दीपक और ओमवीर को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि ढालू समेत तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। घायल बदमाशों और घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस और लूटा गया सामान बरामद किया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उन्होंने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
Source link
बदायूं में पुलिस-मुठभेड़ में 5 डकैत गिरफ्तार:3 बदमाशों के पैर में लगी गोली, एक सिपाही घायल; लाखों की लूट का खुलासा














Leave a Reply