शाहजहांपुर में मेडिकल कॉलेज में बेड न मिलने का आरोप:जिला पंचायत सदस्य ने वीडियो वायरल कर लगाए गंभीर आरोप




शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेड न मिलने और बेहतर इलाज न दिए जाने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रजापति एक मरीज को दिखाते हुए व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। यह वीडियो सोमवार रात को वायरल हुआ है। दैनिक भास्कर इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में अनिल प्रजापति ने बताया कि थाना निगोही क्षेत्र के उदयपुर कटैया निवासी 14 वर्षीय अमानत का एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उसका पैर टूट गया था। आरोप है कि बच्चे को मेडिकल कॉलेज में बेड नहीं दिया गया और वह दर्द से तड़पता रहा। उसका एक्सरे तक नहीं किया गया और उसे काफी समय तक स्ट्रेचर पर रखा गया। जिला पंचायत सदस्य प्रजापति ने दावा किया कि उन्होंने स्वयं मरीज को भर्ती कराने के लिए सिफारिश की, लेकिन उनकी बात भी नहीं सुनी गई। बच्चे का पैर सूजा हुआ था और वे तीन घंटे से परेशान घूम रहे थे। थक-हारकर अब वे बच्चे को किसी निजी अस्पताल में ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीज आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और मोहल्लेवासी मिलकर उसके इलाज में मदद करेंगे। प्रजापति ने आरोप लगाया कि प्राचार्य और सीएमएस जैसे अधिकारी वातानुकूलित कमरों में बैठे हैं, जबकि कॉलेज में बेड खाली होने के बावजूद मरीजों को नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने वीडियो में लोगों से इसे अधिक से अधिक साझा करने की अपील की और मांग की कि प्राचार्य व्यवस्था सुधारने में असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने इन आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मरीजों के आते ही उन्हें तुरंत भर्ती किया जाता है। प्राचार्य डाक्टर राजेश कुमार ने बताया कि यहां आने वाले हर मरीज को भर्ती किया जाता है उनको बेड बेहतर देखकर अच्छा इलाज किया जाता है। मरीज को बेड नही मिला इसकी उनको जानकारी नही है। उन्होंने कहा कि, ऐसा कोई प्रकरण उनके आफिस में भी नही आया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *