![]()
रायसेन जिले की सिलवानी तहसील स्थित ग्राम पंचायत हमीरपुर के कालापाठा टोला के ग्रामीण मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को आवेदन देकर गांव में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि टोले में आज तक बिजली नहीं पहुंची है। यहां न तो बिजली के खंभे लगाए गए और न ही तार बिछाए गए हैं। इसके कारण लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ती है। भीषण गर्मी में बिजली नहीं होने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। टोले में लगे दो हैंडपंप कई वर्षों से खराब पड़े हैं। वहीं, प्राथमिक स्कूल का हैंडपंप भी लंबे समय से बंद है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। 5 किमी दूर होने के बाद भी नहीं पहुंचीं सुविधाएं ग्रामीणों ने बताया कि कालापाठा टोला कच्चा बम्होटी गांव से मात्र 5 किलोमीटर दूर है, लेकिन आज तक यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। गांव में अधिकतर अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा 50 वर्षों का रिकॉर्ड मांगे जाने के कारण कई लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। वहीं, कई महिला और पुरुषों के आधार कार्ड भी नहीं बने हैं, जिससे वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं। ग्रामीणों ने आवेदन में कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में वे बदहाल जीवन जीने को मजबूर हैं। जनसुनवाई में उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की। कलेक्टर ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।
Source link
5 किमी दूर गांव में आज तक नहीं पहुंची बिजली:रायसेन के कालापाठा टोला के ग्रामीण जनसुनवाई में पहुंचे, बोले- अंधेरे और पानी संकट में जी रहे














Leave a Reply