![]()
प्रयागराज शहर के प्रीतम नगर इलाके में मंगलवार को केन्द्राचल के पास सड़क किनारे बनी पांच अस्थायी दुकानों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते सभी दुकानें जलकर राख हो गईं और उनमें रखा लाखों का सामान खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले एक दुकान से शुरू हुई और तेज़ हवाओं तथा ज्वलनशील सामग्री के कारण अन्य दुकानों तक फैल गई। आग की चपेट में चाय की दुकान, कपड़ा प्रेस की दुकान और बाइक रिपेयरिंग की दुकान सहित कुल पांच अस्थायी दुकानें आईं। इन दुकानों में रखा फर्नीचर, मशीनें, औजार, कपड़े, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग लगते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने बाल्टियों और पाइप के ज़रिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी थीं। इसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली, उनका कहना था कि यदि दमकल की टीम समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, ये सभी दुकानें अस्थायी ढांचे में बनी थीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को आग की संभावित वजह माना जा रहा है।
Source link
प्रयागराज में पांच अस्थायी दुकानों में भीषण आग:प्रीतम नगर में सामान राख, चाय-प्रेस-बाइक रिपेयरिंग की दुकानें जलीं
















Leave a Reply