सीतापुर में बड़े मंगल पर भंडारों का आयोजन:एसपी ने पूजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा, सुरक्षा व्यवस्था के रहे इंतजाम




सीतापुर में ज्येष्ठ माह के चौथे मंगलवार पर जिले भर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वही पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में भी विशेष भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भंडारे का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों को पूड़ी, सब्जी और बूंदी का प्रसाद वितरित किया। इस दौरान एएसपी आलोक सिंह दुर्गेश, क्षेत्राधिकारीगण में नेहा त्रिपाठी,अरविंद सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारियों ने भी प्रसाद वितरित किया। ज्येष्ठ माह के मंगलवार को भगवान हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना का महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने और प्रसाद वितरण करने से सुख-समृद्धि और मंगल की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते जिले के विभिन्न हनुमान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। शहर के प्रमुख मंदिरों में भी भंडारों का आयोजन किया गया, जहां भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी राहगीरों व जरूरतमंदों के लिए शरबत, फल और भोजन की व्यवस्था की। मंदिरों में सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का पाठ भी आयोजित हुआ। पूरा दिन धार्मिक आयोजनों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने हनुमान मंदिरों में दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पुलिस प्रशासन की ओर से भीड़भाड़ वाले मंदिरों और भंडारा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *