"राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस हार का शतक लगाएगी":सीतापुर में बोले दिनेश शर्मा- बिजली की नहीं सपा और कांग्रेस की हार की आपदा आई है




सीतापुर में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा मंगलवार को सीतापुर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के प्रशिक्षण महाअभियान में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती और आगामी चुनावों को लेकर संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बिजली व्यवस्था, विपक्षी दलों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिया। मीडिया से बातचीत में डॉ. दिनेश शर्मा ने बिजली संकट को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “बिजली में कोई आपदा नहीं है, बल्कि सपा और कांग्रेस में हार की आपदा आई हुई है।” उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में जहां कहीं भी बिजली संबंधी तकनीकी खराबियां आती हैं, उन्हें एक-दो घंटे के भीतर ठीक कर लिया जाता है। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है। आम जनता पर कम से कम बोझ डालने का प्रयास पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अन्य देशों की तुलना में भारत में पेट्रो प्रोडक्ट के दाम महज 4 प्रतिशत ही बढ़े हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद सरकार ने आम जनता पर कम से कम बोझ डालने का प्रयास किया है। वहीं आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा दो तिहाई से भी अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह हताशा की स्थिति में है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अब तक 99 हार चुकी है और इस बार “हार का शतक” बनाने जा रही है। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *