VIP रोड पर चला अतिक्रमण पर बुलडोजर, ठेले-गुमठियां हटाईं:मुरैना में ट्रैफिक सुधार के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, विरोध भी हुआ




नगर निगम प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए VIP मार्ग पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया। सड़क किनारे लोहे और लकड़ी की गुमठियां, ठेले लगाकर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था, जिससे लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार VIP रोड पर अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात बाधित हो रहा था। पैदल चलने वालों से लेकर वाहन चालकों तक को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर निगम और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सभी गुमठियों और ठेलों को निगम की गाड़ियों में भरकर जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने हल्का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही। पहले से दी गई थी चेतावनी नगर निगम कमिश्नर सतेंद्र धाकरे ने बताया कि VIP रोड पर लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे जाम की स्थिति बन रही थी। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए आगे भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *