![]()
बालोद के दल्लीराजहरा में सीवरेज प्रोजेक्ट में हादसा
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बीएसपी की सीवरेज लाइन परियोजना के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। दास पान ठेला चौक के पास सीवरेज पाइप बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी खिसक गई, जिससे 10 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे तीन मजदूर दब गए।
.
इस हादसे में दो पुरुष मजदूर किशुन कुमार और राकेश कुमार समेत एक महिला मजदूर बैशाखिन की मौत हो गई। यह घटना दल्लीराजहरा क्षेत्र की है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बीएसपी की सीवरेज लाइन विस्तार परियोजना के तहत गहरी खुदाई कर पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर ढह गई और गड्ढे के भीतर काम कर रहे मजदूर बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के 10 फीट गहरे गड्ढे में काम कराया जा रहा था। न तो सुरक्षा बैरिकेडिंग थी और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। ऐसे में अब निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य चलाया गया, लेकिन तब तक तीनों मजदूरों की जान जा चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
















Leave a Reply