ज्वैलर्स में 90 लाख की चोरी, आरोपी ने लगाई फांसी:1.5 KM दूर मोहल्ले में रुका स्निफर डॉग, साथी पकड़ाया; गरियाबंद में की थी पार्टी




रायपुर के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में 90 लाख रुपए की चोरी के मुख्य आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए काली नगर इलाके से एक अन्य नाबालिग साथी को हिरासत में लिया, जिसके पास से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि अपने साथी के पकड़े जाने की खबर मिलते ही मुख्य आरोपी, जो खुद भी 17 साल का नाबालिग था, डर गया और उसने फांसी लगा ली। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गांधी नगर और काली नगर के रहने वाले ये दोनों दोस्त आदतन अपराधी थे, जो इससे पहले चंद्रखुरी में चोरी कर चुके थे और हाल ही में महासमुंद, अभनपुर और गरियाबंद में भी चोरी की नाकाम कोशिशें की थीं। अब जानिए पूरा मामला लक्ष्य ज्वेलर्स में शनिवार देर रात दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक से पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी कटर से ताला काटकर अंदर घुसे और करीब आधे घंटे तक भीतर रहकर केवल सोने के जेवरों पर हाथ साफ किया, जबकि उन्होंने चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को छुआ तक नहीं। रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी का पता नहीं चल सका और सोमवार सुबह जब दुकान खुली तब मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां सीसीटीवी फुटेज में आरोपी आराम से जेवर बैग में भरते नजर आए। गांधी नगर-काली नगर रोड पर रुका डॉग स्क्वॉड जांच के दौरान फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। डॉग दुकान से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर रोड तक पहुंचा और वहीं जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में दबिश शुरू की। पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले अभनपुर, चंद्रखुरी और शंकर नगर की घटनाओं को जोड़ते हुए करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुराने अपराधियों से पूछताछ और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस देर रात कालीनगर इलाके से एक नाबालिग चोर तक पहुंच गई। उसके पास से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी ने घर के अंदर लगाई फांसी पुलिस जब आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसने घर के भीतर फांसी लगा ली है। बताया जा रहा है कि आरोपी के माता-पिता नहीं हैं और वह अपनी बहनों के साथ रहता था। पुलिस को आशंका है कि वह छत के रास्ते अंदर घुसा और खुदकुशी कर ली। हालांकि, परिजनों का दावा है कि वह चोरी में शामिल नहीं था और उसे फंसाया गया है। ज्वेलरी शॉप की दो दिन तक रेकी की पुलिस ने खुलासा किया है कि दोनों आरोपियों ने शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप की दो दिन तक रेकी की थी। शनिवार रात जब संचालक वंश मरपानी दुकान बंद कर घर चले गए, तब देर रात करीब 2:19 बजे दोनों आरोपी बाइक से वहां पहुंचे। अस्पताल के पास बाइक खड़ी कर दोनों पैदल दुकान तक गए और कटर से ताला काटकर शटर उठाया। करीब 20 मिनट के भीतर दोनों बैग में जेवर भरकर फरार हो गए। चोरी के अगले दिन दोनों ने गरियाबंद के पांडुका में पार्टी की और देर रात वापस रायपुर लौट आए। सोमवार सुबह वारदात की खबर फैलते ही दोनों अलग हो गए और मुख्य आरोपी अधिकांश जेवर अपने पास रखकर उन्हें बेचने की बात कहकर गायब हो गया। आरोपियों ने किराए का मकान लेकर रेकी की पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल कालीमाता वार्ड में किराए के मकान में रह रहे थे और मूल रूप से ओडिशा के निवासी हैं। पुलिस ने करीब 20 दिन पहले ही दुकान संचालक को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सेंट्रल लॉक सिस्टम लगाने की सलाह दी थी। इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
…………………… चोरी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पति का सिर मुंडाया, पत्नी के सामने अर्धनग्न कर घुमाया:चोरी के शक में ग्रामीणों ने मारपीट की, सरपंच पति समेत 9 आरोपी गिरफ्तार छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में चोरी के शक में युवक को गांव वालों ने सजा दी है। युवक का आधा सिर मुंडवा कर उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई। इसके बाद मारपीट करते हुए उसे उसकी पत्नी के साथ पूरे गांव में घुमाया गया। पत्नी का कहना है कि उससे भी मारपीट की गई और रेप कर जान से मारने की धमकी दी गई। पढ़ें पूरी खबर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *